भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती की जीभ पर 20 लाख रुपये का इनाम रखने संबंधी बयान देने पर कांग्रेस सरकार में उप महाधिवक्ता रहे विनय शर्मा से सदर पुलिस ने शुक्रवार शाम थाने में पूछताछ की।
पुलिस ने आने वाले दिनों में भी विनय को जांच में सहयोग करने को कहा है। डीएसपी हेडक्वार्टर प्रमोद शुक्ला ने बताया कि पुलिस ने विनय से थाने में पूछताछ की है।
विनय के खिलाफ भाजपा ने केस दर्ज करवाया है। भाजपा का आरोप है कि विनय ने एक निजी चैनल पर डिबेट के दौरान सत्ती की जीभ पर 10 लाख के बजाय 20 लाख रुपये का इनाम रखने की बात की।
भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा ने इसे 20 लाख की सुपारी देने का मामला करार देते हुए विनय के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 500, 505, 506 और 511 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।