पुलिस हिरासत में आरोपियों के साथ बर्बरता से मारपीट करने के आरोप में थाना सदर पुलिस घिरती नजर आ रही है। चारों आरोपियों को लक्कड़ बाजार पुलिस ने मजदूरों के साथ मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। आरोपियों में मनोज शर्मा, सुनील बेक्टा, भूपिंद्र सिंह और अमन शामिल हैं। पुलिस पर आरोप है कि हिरासत के दौरान इन्हें बेरहमी से पीटा गया है। सोमवार को इन्हें स्थानीय अदालत में पेश किया गया जहां से इन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने मीडिया के सामने पुलिस हिरासत में हुई मारपीट के निशान दिखाए।
इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश उच्च न्यायालय में एक याचिका दायर की थी जिसमें इनके मेडिकल करवाने की अपील की गई थी। इसे प्रदेश उच्च न्यायालय ने मंजूर कर दिया। अब चारों आरोपियों की मेडिकल रिपोर्ट अदालत के सामने पेश होगी, इसके बाद इस मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी। एसएचओ सदर और मामले के जांच अफसर के खिलाफ भी अदालत में अपील की गई है।