फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अवैध निर्माण हटाने गई टीम की महिला अधिकारी को होटल मालिक ने मारी गोली, मौत

Wed, 02 May 2018 08:53 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, कसौली/धर्मपुर (सोलन)
विज्ञापन
विज्ञापन

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मंगलवार दोपहर हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के कसौली में 13 अवैध होटलों को गिराने गई प्रशासनिक टीम पर गेस्ट हाउस के एक मालिक ने तीन गोलियां दाग दीं। दो गोलियां महिला अधिकारी को लगीं जिसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि एक गोली लोनिवि के कर्मचारी को लगी।

विज्ञापन


उसे गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है। पुलिस और प्रशासन की चार और एक नोडल अधिकारियों की टीमें एसडीएम की मौजूदगी में कार्रवाई के लिए पहुंची थी। टीसीपी की जिस अधिकारी को गोली लगी है वह एक टीम की समन्वयक थी। भारी पुलिस बल होने के बावजूद आरोपी वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ को टीमें भेज दी हैं। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन कर्मचारियों में दहशत का माहौल रहा। हालांकि, कब्जे हटाने की कार्रवाई दिनभर चली रही। होटल मालिक खुद भी अवैध निर्माण गिरा रहे थे।

विज्ञापन

महिला अधिकारी से तू-तू मैं-मैं

पुलिस के अनुसार मंगलवार सुबह साढ़े 9 बजे 38 सदस्यीय चार टीमें 13 अवैध होटलों को गिराने के लिए धर्मपुर से कसौली के लिए निकलीं। अन्य होटलों पर कार्रवाई करने के बाद सहायक नगर नियोजन अधिकारी शैल वाला के नेतृत्व में टीम दोपहर 2.30 बजे जैसे ही मंढोधार में नारायणी गेस्ट हाउस पहुंची तो उसके संचालक विजय ठाकुर ने हंगामा करना शुरू कर दिया।

महिला अधिकारी से तू-तू मैं-मैं होने के बाद विजय ने अपनी लाइसेंस रिवॉल्वर निकाली और तीन गोलियां दाग दीं। महिला अधिकारी पर गोली चलाने का आरोपी विजय ठाकुर बिजली बोर्ड में कार्यरत हैं। बोर्ड मुख्यालय कुमार हाउस में निदेशक सिविल के पीए के पद पर कार्यरत विजय इन दिनों तीन हफ्ते की छुट्टी पर है। बोर्ड अधिकारियों ने बताया कि 23 अप्रैल से 11 मई तक विजय ठाकुर ने तीन हफ्ते की छुट्टी ली हुई है।

महिला की छाती और जबड़े में लगी गोली

एक गोली महिला की छाती और दूसरी जबड़े में लगी। उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। तीसरी गोली लोनिवि कर्मचारी के पेट में लगी। घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौका देखकर फरार हो गया। एसपी सोलन मोहित चावला ने कहा कि मामला संगीन है।

एक महिला अधिकारी की मौत जबकि एक कर्मचारी घायल हुआ है। पुलिस आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लेगी। उपायुक्त विनोद कुमार ने कहा कि टीमों की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। जो भी कानूनी कार्रवाई होगी वह अमल में लाएंगे। 

एनजीटी के बाद सुप्रीम कोर्ट ने जारी किए थे आदेश

टीसीपी के नियमों के विरुद्ध बनाए कसौली के होटलों के खिलाफ स्पोक संस्था ने करीब एक साल पहले एनजीटी में याचिका दायर की थी। आरोप था कि कई होटल मालिकों ने दो मंजिल की अनुमति लेकर छह मंजिलें खड़ी कर ली हैं।

एनजीटी ने टीसीपी को आदेश दिए कि अवैध होटलों की पहचान कर उनका बिजली-पानी काटा जाए। 13 होटलों में अवैध निर्माण पाया गया। होटल मालिक सुप्रीम कोर्ट चले गए, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली।

करीब 15 दिन पहले सुप्रीम कोर्ट ने अवैध निर्माण हटाने के प्रदेश सरकार को आदेश दिए थे। इसके बाद जिला प्रशासन ने चार टीमें गठित की थीं। 
विज्ञापन

सुप्रीम कोर्ट ने कहा था- पैसे कमाने के लिए जानें खतरे में नहीं डाल सकते

सर्वोच्च न्यायालय ने अवैध निर्माण तोड़ने का आदेश देते हुए तल्ख टिप्पणी की थी। जस्टिस मदन बी लोकुर और दीपक गुप्ता की खंडपीठ ने कहा था कि पैसे कमाने के लिए लोगों की जान को खतरे में नहीं डालने दिया जा सकता है। अवैध निर्माण के चलते पूरा शहर खतरे में है। इसी कारण भूस्खलन हो रहे हैं। 

सीएम भी थे जिले में, कार्रवाई का दिन गलत चुना- मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का आज पहले से ही दून का दौरा तय है। डीसी प्रोटोकॉल के तहत उनके साथ थे। जबकि एसपी सोलन छुट्टी पर थे। ऐसे में इतनी बड़ी कार्रवाई के लिए मंगलवार का दिन चुनना सही नहीं था।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें