शिमला के थाना ढली के रिहायशी इलाके में मकान का ताला तोड़कर चोर करीब पांच लाख कीमत के जेवर चुरा ले गए। वारदात उस समय हुई जब घर के सदस्य बाजार गए हुए थे। चोरों ने दिन-दहाड़े मकान का ताला तोड़ कर जेवरात पर हाथ साफ कर दिए।
घर के सदस्य जब लौट कर आए तब चोरी का पता चला। इसकी शिकायत पुलिस में की गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मुआयना किया। अब तक चोरों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस को अंदेशा है कि चोरों ने पहले रैकी की उसके बाद वारदात को अंजाम दिया।
तनुज चौहान निवासी गांव पड़ारा डॉ. थरोला तहसील कोटखाई ने पुलिस को दी सूचना में कहा कि वह दीपक गेस्ट हाउस के समीप मांटा निवास में किराये के मकान में रहता है। साल 2014 से यहां किरायेदार के तौर पर रह रहा हूं। बुधवार को सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे वह परिवार के साथ लोअर बाजार गया था। दोपहर करीब 2.30 बजे जब लौट कर आया तो क्वार्टर के बाहर वाले दरवाजे का ताला नहीं था।
मुख्य दरवाजे का कुंडा भी टूटा हुआ था और दोनों ताले गायब थे। घर के भीतर जब चैक किया तो अलमारी के अंदर रखे जेवर और एटीएम कार्ड गायब थे। चोरी हुए जेवरात की कीमत करीब पांच लाख है। उधर, एसपी शिमला डीडब्ल्यू नेगी ने कहा कि शिकायत के आधार पर थाना ढली में मुकदमा दर्ज कर आगामी छानबीन अमल में लाई जा रही है।
ये जेवर हुए चोरी
सोने का मंगलसूत्र - 1.50 लाख, सोने की चूड़ियां 1.50 लाख , सोने के झुमके 1.20 लाख, सोने का हार, सोने के टॉप्स 25 हजार , सोने की अंगूठी 10 हजार और चांदी के जेवर की कीमत 5 हजार आंकी गई है।
पुलिस का अभियान भी नहीं आया काम
शिमला पुलिस ने थाना ढली के संजौली इलाके में घर घर जाकर लोगों से सतर्क रहने की अपील की थी और उन्हें चोरी की घटनाओं को लेकर जागरूक भी किया था। खुद पुलिस अधीक्षक सैकड़ों पुलिस कर्मचारियों के साथ लोगों के घर द्वार पहुंचे। बावजूद इसके शहर में सेंधमारी और चोरी की वारदातें थम नहीं रही हैं।