हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं हादसे में एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेज दिए हैं। ऊना में पुल के समीप कार की टक्कर से स्कूटर चालक की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार शनिवार रात लगभग 12 बजे लोअर बढ़ेडा निवासी 32 वर्षीय नरेश कुमार बाइक पर नंगल की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में नरेश बुरी तरह लहूलुहान हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
दूसरा हादसा गगरेट में हनुमान मंदिर के समीप पेश आया, जहां बाइक अनियंत्रित होकर 70 फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। 20 वर्षीय रविंद्र कुमार अपने दोस्त सौरव निवासी जालंधर के साथ बाइक संख्या पीबी 08 सीई 6457 पर चिंतपूर्णी माथा टेकने जा रहा था। गगरेट के हनुमान मंदिर के आगे पहुंचने पर बाइक अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे के दौरान रविंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सौरव गंभीर जख्मी हुआ है।
बस पिकअप में टक्कर, एक युवक की मौत
शिमला जिला के रामपुर उपमंडल के कुमारसैन क्षेत्र के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-22 के पास सिंघापुर में सुबह बस और पिकअप की टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि अन्य दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर जाकर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया, जबकि घायलों का कुमारसैन अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह छह बजे पिकअप एचपी 06सी 1050 रामपुर की ओर जा रही थी कि अचानक रामपुर से शिमला जा रही निजी बस एनडीएस एचपी62बी1579 आपस मे टकरा गई।
टक्कर इतनी भयानक थी कि पिकअप चालक सुनील कुमार (23) पुत्र कुतन लाल रत्नपुर रामपुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिकअप में सवार ओम प्रकाश और बस में सवार भगत राम निवासी राजगढ़ को चोटें आई हैं।
हादसे की पुष्टि करते हुए डीएसपी सोमदत्त ने बताया कि मृतक का शव पोस्टमार्टम करके परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि घायलों का उपचार कुमारसैन में किया जा रहा है। बस चालक लखविंद्र कड़ाघाट सोलन को गिरफ्तार किया गया है।
सड़क दुर्घटना में युवक की मौत
सोलन जिला बद्दी -नालागढ़ मार्ग पर खुरूणी के समीप एक कार क ी ट्रक से भिंडत में कार चालक की मौत हो गई है। जबकि अन्य सवार युवक गंभीर रूप से घायल है। दोनों युवक पंजेहरा के रहने वाले थे। मानकपुर में अपनी दुकान पर जा रहे थे। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक युवक अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। अचानक मौत से पंजेहरा गांव में मातम छाया।
पुलिस के अनुसार यह घटना दोपहर साढ़े 12 बजे की है। पंजेहरा निवासी रमन बस्सी (23)अपने चचेरे भाई अक्षत बस्सी के साथ मानकपुर स्थित अपनी मेडिकल शाप के लिए आ रहे थे। जैसे ही वह खरूणी गांव के समीप पहुंचे तो बद्दी की ओर से आ रहे ट्रक से टकरा गए। इस आमने सामने की टक्कर में ट्रक का टायर निकल कर सड़क में गिर गया।
जबकि कार पूरी तरह से तहस नहस हो गई। घायलों को उनके परिचित उसी समय सीधा पीजीआई ले गए। जहां पर चालक रमन बस्सी की मौत हो गई जबकि अक्षत कुमार की हालत नाजुक बनी हुई है उसे अमरजेंसी में रखा गया है। एसपी जी शिवा कुमार ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौपा जाएगा।
सड़क हादसे में एक की मौत
मनाली-लेह मार्ग पर दारचा के समीप एक टाटा सूमो स्किड हो जाने से एक शख्स की मौत हो गई। जबकि, एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। घायल का उपचार केलांग के क्षेत्रीय अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक टाटा सूमो नंबर एचपी-01के 2418 दारचा से रारिक गांव की ओर जा रही थी। इस दौरान वाहन अचानक सड़क पर स्किड हो जाने से सड़क से लुढ़क गई। घटना में रारिक निवासी वाहन चालक केसांग छोपेल की मौत हो गई, जबकि एक अन्य शख्स तंजिन गंभीर रूप से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान इलाके में दूरभाष सेवा काम नहीं कर रही थी। लिहाजा, पुलिस को घटना की जानकारी हादसे के कई घंटो बाद मिली। उसके बाद ही राहत का काम शुरू हो सका। लोगों के मुताबिक अगर समय पर छोपेल को मेडिकल उपचार मिलता तो संभवता उसकी जान बचाई जा सकती थी।
पुलिस ट्रैफिक इंचार्ज एएसआई मोती राम ने हादसे की पुष्टि की है। मोती राम ने बताया कि पुलिस को कई घंटों बाद हादसे की सूचना मिली। उसके बाद ही राहत कार्य शुरू हो सका।