नौकरी के नाम पर फर्जीवाड़ा करने के आरोप में हिमाचल मैन पावर एसोसिएट्स के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कंपनी पर साक्षात्कार के नाम पर युवाओं से पैसा वसूलने का आरोप लगा है। सुंदरनगर में सोमवार को कंपनी ने एयरपोर्ट और मल्टीनेशनल कंपनियों में रोजगार के नाम पर साक्षात्कार रखे थे।
युवा साक्षात्कार देने पहुंचे तो कंपनी ने पंजीकरण के नाम पर 500 से लेकर 2000 रुपये वसूली शुरू कर दी। कुछ युवाओं ने पैसे दे भी दिए लेकिन अन्य युवाओं ने विरोध कर दिया। इस पर खूब हंगामा हुआ तो बीएसएल थाना से पुलिस पहुंच गई। युवाओं ने अपनी बात रखी। इस पर पुलिस साक्षात्कार लेने आई टीम और कंपनी के मालिक अविनाश कुमार को थाने ले गई।
जानकारी के अनुसार बीएसएल कॉलोनी के निकट हिमाचल मैन पावर एसोसिएट्स कंपनी ने पिछले दिनों एयरपोर्ट में सैकड़ों पद भरने के लिए 15-16 मार्च को सुंदरनगर में इंटरव्यू रखा था। इसमें कहा गया कि दिल्ली की एक कंपनी युवाओं का इंटरव्यू लेकर उन्हें मौका पर ही नियुक्ति पत्र देगी। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कंपनी ने इंटरव्यू के लिए लिए गए रुपये वापस कर दिए। कुछ युवाओं ने धोखाधड़ी को लेकर थाना में शिकायत दे दी।
डीएसपी गुरबचन सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इधर, कंपनी के मालिक अविनाश कुमार ने फर्जीवाड़े के आरोपों को नकारा है। उन्होंने कहा कि कंपनी ने साक्षात्कार के लिए जो पैसे युवाओं से लिए थे, उन्हें लौटा दिया गया है।