घैणी से शिमला की ओर आ रही एचआरटीसी के लोकल डिपो की बस के ड्राइवर ने नशे में गाड़ियों को ठोक दिया। बस शुक्रवार शाम करीब चार बजे घैणी से शिमला की ओर रवाना हुई। सबसे पहले पलोग के पास ड्राइवर ने एक कार को टक्कर मार दी। यात्रियों के बीच-बचाव के बाद बड़ी मुश्किल से मामला शांत करवाया। थोड़ा आगे बढ़ने पर बडमैन के पास चालक ने एचआरटीसी की ही एक अन्य बस को टक्कर मार दी।
करसोग-शिमला रूट पर आ रही बस के कंडक्टर ने महसूस किया कि घैणी बस का चालक नशे में है इसलिए उसने इसकी सूचना तुरंत कंट्रोल रूम में दे दी। बस दुर्घटनाग्रस्त होने के डर से सवारियां भी बस से उतर गईं। घैणी बस का चालक इतने पर भी नहीं माना और जुब्बड़ की ओर बस आगे बढ़ा दी। जुब्बड़ पहुंचने से पहले चालक ने एक और कार को क्षतिग्रस्त कर दिया।
एचआरटीसी के अधिकारी ड्राइवर के नशे में होने की सूचना मिलते ही एक अतिरिक्त ड्राइवर के साथ जुब्बड़ की ओर रवाना हुए। जुब्बड़ के पास अधिकारियों को सड़क किनारे बस तो खड़ी मिल गई, लेकिन तब तक चालक फरार हो गया था।
एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक देवासेन नेगी ने बताया कि चालक के नशे में होने की सूचना मिली थी, जब तक टीम मौके पर पहुंची चालक बस छोड़ कर फरार हो चुका था। तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित ड्राइवर को सेवा से निलंबित कर दिया गया है।