फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोना वायरस: हिमाचल में मास्क न पहनने पर युवक पर पहली एफआईआर

Sat, 25 Apr 2020 06:36 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, नाहन (सिरमौर)
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन

हिमाचल में मास्क नहीं पहनना आपके लिए महंगा पड़ सकता है। बिना मास्क बाजार में मिलने पर एफआईआर दर्ज हो सकती है। सिरमौर में मास्क नहीं पहनने पर पहली एफआईआर दर्ज हुई है। नाहन थाने में प्रशासन के आदेशों की अवहेलना करने पर 36 वर्षीय व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। एसपी अजय कृष्ण शर्मा ने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव को मास्क बहुत उपयोगी है। लिहाजा, इसका इस्तेमाल बेहद जरूरी है। इसकी अवहेलना करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

विज्ञापन


गौरतलब है कि प्रदेश में घर से बाहर निकलने पर मास्क पहनना अनिवार्य किया गया है। सिरमौर जिला सबसे पहले मास्क जरूरी करने वाला जिला है। यहां प्रदेश से पहले ही जिला प्रशासन ने मास्क लगाना अनिवार्य किया था। हालांकि, शुरूआती दौर में बिना मास्क बाजार में आने वालों को पुलिस ने जागरूक किया, लेकिन अब पुलिस ने एफआईआर दर्ज करनी शुरू कर दी है। ताजा मामला शहर के कच्चा टैंक पुलिस चौकी के तहत गोविंदगढ़ मोहल्ला का है।

शनिवार को पुलिस टीम गश्त पर थी। दोपहर को मोहल्ला गोविंदगढ़ में सड़क किनारे पर एक व्यक्ति बिना मास्क खड़ा था। पुलिस ने व्यक्ति से मास्क न पहनने का कारण पूछा तो वह गली में भागने लगा। गली में गेट के ऊपर चढ़कर दूसरी ओर कूदने लगा, लेकिन वह गिर गया। व्यक्ति ने अपना नाम सन्नी निवासी वाल्मीकि बस्ती बताया। सन्नी मास्क न पहनकर घूमने का कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। उधर, एसपी अजय कृष्ण शर्मा ने बताया कि मास्क पहनना अनिवार्य है। यह उनकी सुरक्षा के लिए है। नियम तोड़ने वालों पर मामले दर्ज किए जाएंगे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

बिना कर्फ्यू पास एंबुलेंस में यमुनानगर से पहुंचा युवक, केस

वहीं, कांगड़ा जिले में विकास खंड लंबागांव की एक पंचायत के युवक पर बिना कर्फ्यू पास यमुनानगर से एंबुलेंस के जरिये घर आने पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। उपमंडलाधिकारी जयसिंहपुर विक्रम महाजन ने बताया कि कुछ लोग बाहरी राज्यों से एंबुलेंस की आड़ लेकर बिना कर्फ्यू पास मुख्य रास्तों से न आकर इधर-उधर के चोर रास्तों से जिले में प्रवेश कर रहे हैं।

बाहरी राज्यों से अपने जिले में आने वाले लोगों के लिए जिलाधीश से अनुमति आवश्यक है। उनके लिए कोरोना का टेस्ट करवाना भी जरूरी है। उपमंडलाधिकारी जयसिंहपुर ने बताया कि उन्हें इसकी जानकारी पंचायत सचिव के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही उन्होंने लंबागांव पुलिस को मामला दर्ज करने के आदेश दिए। मामले की पुष्टि लंबागांव पुलिस के एसएचओ रूपलाल ठाकुर ने की है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें