हिमाचल के चंबा में चुराह उपमंडल में छात्रा से दुराचार के बाद निर्दोष शिक्षकों की पिटाई से मचा बवाल मंगलवार को थम गया। उपायुक्त सुदेश मोख्टा और पुलिस अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र तोमर ने एसडीएम कार्यालय में बैठक कर दोनों समुदायों में समझौता करवा दिया है।
उपायुक्त ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। बैठक के दौरान 24 सदस्यीय शांति कमेटी का गठन भी किया गया। यह कमेटी क्षेत्र में भाईचारे व सौहार्द को बनाए रखने के लिए काम करेगी।
बैठक के बाद एसडीएम कार्यालय तीसा से लेकर भंजराड़ू बस स्टैंड तक शांति जुलूस भी निकाला गया। गौरतलब है कि शिक्षक द्वारा छात्रा से दुराचार करने का मामला तूल पकड़ गया था। यहां कुछ लोगों ने स्कूल में तैनात निर्दोष शिक्षकों के साथ मारपीट कर दी। इसके चलते स्थानीय लोग उग्र हो गए थे।
दुराचार का आरोपी शिक्षक सस्पेंड
उधर, जिला चंबा के तीसा में छात्रा से दुराचार के आरोप में गिरफ्तार शिक्षक को सरकार ने सस्पेंड कर दिया है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने आरोपी टीजीटी के खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी है।
जिला उपनिदेशक से मामले की पूरी रिपोर्ट मांगी गई है। निदेशक मनमोहन शर्मा ने कहा है कि इस तरह की घटनाओं का होना प्रदेश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसे मामलों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।