सीबीआई ने शुक्रवार को इंडियन टेक्नोमेटल कंपनी लिमिटेड और उसके निदेशकों के खिलाफ 555.65 करोड़ रुपए घोटाले के मामले में केस दर्ज किया है। सीबीआई ने कंपनी के अधिकारी के घर दबिश दी। जिला कांगड़ा के पीर सलूही गांव में सीबीआई टीम की ओर से दी गई इस दबिश की भनक जिला पुलिस को भी नहीं लगी। इस दौरान सीबीआई की विशेष टीम ने जांच के लिए जरूरी कई दस्तावेजों के साथ आरोपी के घर व संपत्ति के दस्तावेजों को भी कब्जे में लिया है। गौर रहे कि इस कंपनी पर सरकार के करोड़ों के टैक्स चोरी का आरोप है। यह कंपनी 2014 में ही बंद हो गई थी। 2009 से 2014 के दौरान इस कंपनी पर कई तरह के घोटालों का आरोप हैं, जिसके चलते कंपनी के निदेशक के घर पर सीबीआई ने शुक्रवार को दबिश देकर कई अहम दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं।