हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में सीबीआई ने भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत बेहिसाब संपत्ति का मामला दर्ज किया गया है। शनिवार को सीबीआई ने दिल्ली से लेकर शिमला तक उनके ठिकानों पर गहन छापे की कार्रवाई की। सीबीआई की छापे की कार्रवाई के बाद मुख्यमंत्री पर इस्तीफा देने का दबाव बढ़ गया है। भाजपा ने तत्काल वीरभद्र के इस्तीफे की मांग कर दी है।
शनिवार सुबह सीबीआई ने वीरभद्र सिंह के हिमाचल और दिल्ली में जंतर मंतर रोड पर स्थित आवासों के अलावा उनसे संबंधित कुल 11 जगहों पर छापे मारे। बताया जा रहा है कि इस छापेमारी में सीबीआई के साथ प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारी भी मौजूद थे। छापेमारी को दोनों ही विभागों का संयुक्त प्रयास करार दिया गया है। सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय के 18 लोगों की टीम ने उनके घर में छानबीन की।