बीते 30 मई को सीबीआई द्वारा चंडीगढ़ में एक उद्योगपति से पांच लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोपी हिमाचल उद्योग विभाग के जॉइंट डायरेक्टर तिलक राज के खिलाफ सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल कर दी है। सीबीआई की विशेष अदालत में दाखिल चार्जशीट में तिलक राज के अलावा दलाल अशोक राणा को भी शामिल किया है।
चार्जशीट दाखिल होने के साथ ही सरकार की मेहरबानी पा रहे तिलक राज की मुश्किलें और बढ़ रही है। सूत्रों का कहना है कि इस केस के अलावा उसके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में भी जल्द बड़ी कार्रवाई हो सकती है।
दरअसल, मई महीने में सीबीआई ने सोलन के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में तैनात रहे उद्योग विभाग के जॉइंट डायरेक्टर तिलकराज को सीबीआई ने चंडीगढ़ के सेक्टर 8 में पांच लाख रिश्वत रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।
आरोपी अधिकारी तिलकराज शर्मा ने दलाल अशोक राणा के साथ मिलकर बद्दी के एक उद्योगपति को मशीनरी पर मिलने वाली 50 लाख सब्सिडी दिलाने की एवज में 10 लाख रुपये मांगे थे।
बद्दी के मेडिसेफ फार्मा के कंसलटेंट चंद्रशेखर ने शिकायत में बताया था कि सब्सिडी की एवज में रिश्वत की मांग की जानकारी उन्होंने सीबीआई को दी थी।
टीम ने जाल बिछाकर अधिकारी समेत एक अन्य को पहली किस्त के तौर पर 5 लाख देने के लिए चंडीगढ़ बुलाया और ऐन मौके पर दबिश देकर रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
सूत्रों का कहना था कि पूछताछ में अधिकारी ने कई बड़े अफसरों और नेताओं के भी नाम लिए थे। जिसके बाद कई बड़े नेताओं के मामले में फंसने की चर्चा चल रही थी।
हालांकि चार्जशीट फाइल होने तक किसी नए अधिकारी या नेता का नाम सामने न आने पर अब चर्चाओं पर काफी हद तक विराम लग जाएगा।