पुलिस थाना धर्मशाला के तहत संचालित हो रही एक सहकारी सभा पर चार करोड़ रुपये के गबन का आरोप लगा है। इस संदर्भ में सोसायटी के सहायक रजिस्ट्रार ने पुलिस थाना धर्मशाला में शिकायत दी है। सहायक रजिस्ट्रार के आरोपों के बाद पुलिस ने सोसायटी के एमडी व उसकी पत्नी सहित कुल सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुष्टि करते हुए सदर थाना प्रभारी धर्मशाला राजेश कुमार ने बताया कि जिला मुख्यालय में चल रही एक सहकारी सभा के सहायक रजिस्ट्रार प्रत्यूश चौहान ने सोसायटी में गड़बड़झाले को लेकर पुलिस थाना में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस को दी शिकायत में चौहान ने आरोप लगाए हैं कि सोसायटी ने लोगों के पैसे को ही जमा नहीं किया है, जिसके चलते करीब चार करोड़ रुपये के गबन की आशंका है। वहीं शिकायत के बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।