एक ओर प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान चला रही है, दूसरी ओर युवा पीढ़ी नशा तस्करी में जुटी है। डमटाल पुलिस टीम ने शनिवार को छन्नी गांव में एक युवती को 7.17 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा। बताया जा रहा है कि चिट्टे के साथ पकड़ी युवती का पूरा परिवार नशा तस्करी करता है। पूरे परिवार पर कई मामले दर्ज हैं। 20 दिन पहले रज्जी को पंजाब पुलिस थाना नंगलभुर 176 ग्राम ने हिरासत में लिया था। अब डमटाल पुलिस ने एक महीने के अंदर युवती को चिट्टे के साथ पकड़ा है।
रज्जी के पिता अश्वनी कुमार उर्फ दारा, माता अनिता उर्फ बिट्टू 296 नशीले गोलियों के मामले में पठानकोट जेल में है। काफी समय से यह सारा परिवार चिट्टे की तस्करी कर रहा है। 10 दिन पहले ही रज्जी की नाबालिग होने के कारण जमानत हुई थी। उसके बाद फिर से उसने चिट्टा की तस्करी करनी शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छन्नी गांव में सब इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह व करतार सिंह की अगुवाई में दबिश दी।
सूचना मिली थी कि छन्नी गांव में एक युवती चिट्टे की तस्करी कर रही है। पुलिस छन्नी में युवती के घर छापा मारा, लेकिन पुलिस को देखकर युवती भागने लगी। महिला पुलिस कर्मचारी ने युवती को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उस युवती से 7.17 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। चिट्टा बरामद करने बाद युवती को हिरासत में लिया गया। युवती की पहचान रज्जी (18) पुत्री अश्वनी कुमार निवासी छन्नी के रूप में हुई है। उधर, डीएसपी नूरपुर डॉ साहिल अरोड़ा ने कहा कि पुलिस ने आरोपी युवती के खिलाफ मामला दर्ज छानबीन शुरू कर दी है।