शहर में एक बार फिर वाहन चोर गिरोह सक्रिय होने लगा है। एक हफ्ता पहले चोर एक जीप चुरा ले गए थे वहीं मंगलवार रात शहर से दो महंगी गाड़ियां चोरी हो गईं। इस बार शातिरों ने छोटा शिमला और बालूगंज क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। शिकायत पर पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों से चोरी हुई गाड़ियों की तलाश शुरू कर दी है।
शहर में आए दिनरात के अंधेरे में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। पहला मामला छोटा शिमला थाना के तहत ब्रॉकहास्ट क्षेत्र का है। शातिर ब्रॉकहास्ट से फिगो गाड़ी को चुराकर ले गए। गाड़ी चालक की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। दूसरे मामले में शातिरों ने बालूगंज क्षेत्र के तारादेवी के पास खड़ी टवेरा गाड़ी को चुरा लिया।
शिकायतकर्ता ने कहा है कि मंगलवार को उसने गाड़ी को तारादेवी में सड़क किनारे पार्क किया और सोने के लिए क्वार्टर चला गया। अगले दिन आया तो देखा कि गाड़ी पार्क किए जगह से गायब थी। डीएसपी पुलिस हेडक्वार्टर प्रमोद शुक्ला ने बताया कि छोटा शिमला और बालूगंज में दो गाड़ियों के चोरी का मुकदमा दर्जकर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। शातिर जल्द की पुलिस की गिरफ्त में होगा।
एक हफ्ते में गाड़ी चोरी होने का तीसरा मामला
शहर में एक हफ्ते के भीतर चोरी होने का यह तीसरा मामला है। इससे पहले 13 मार्च को ढली के भट्ठाकुफर से दिन के समय शातिरों ने एक गाड़ी को चुरा ले गए थे जो अभी तक नहीं मिल पाई है। मंगलवार रात को फिर से शातिरों ने शहर के दो अलग-अलग क्षेत्रों से गाड़ियों को चुरा लिया है।
सड़क किनारे पार्क हैं सैकड़ों गाड़ियां
शिमला शहर में पार्किंग की दिक्कत के चलते सड़क किनारे रात के वक्त सैकड़ों गाड़ियां खड़ी रहती हैं। ऐसे में वाहन चोरी की इन घटनाओं से लोगों में दहशत हैं। शहर में करोड़ों रुपये के यह वाहन सड़क किनारे खड़े रहते हैं जिनकी सुरक्षा पुलिस की गश्त के सहारे ही है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगना चाहिए। लोगों ने पुलिस महकमे से वाहन चोरी में शामिल शातिरों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।