होटल मैनेजमेंट कर चुके बेटे की विदेश में होटल में नौकरी लगवाने के चक्कर में एक पिता ने अपनी गाढ़ी कमाई के 58 लाख रुपये गंवा दिए। ठगों ने लंदन की एक हॉस्पिटैलिटी कंपनी का झांसा देकर वीजा और रहने-खाने के नाम पर एडवांस में रकम खाते में मंगा ली।
इसके बाद न तो बेटे की नौकरी लगी और न ही जालसाजों ने दोबारा संपर्क किया। ठगी का शिकार शिक्षक ने पुलिस से मामले की शिकायत की, लेकिन पुलिस के खाली हाथ रहने के बाद अब साइबर क्राइम विंग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिमाचल के कांगड़ा के पालमपुर निवासी ध्यान सिंह पेशे से शिक्षक हैं। कुछ समय पहले उन्होंने एक मैगजीन में विज्ञापन पढ़ा और होटल मैनेजमेंट कर चुके बेटे की नौकरी लगवाने के लिए विज्ञापन में दी गई ई-मेल आईडी के जरिये कंपनी से संपर्क किया।