थाने से पांच सौ मीटर दूर लाखों के आभूषण चुराए
सवा चार लाख के गहने, पच्चीस हजार नकद पर हाथ साफ
अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर।
पुलिस थाना हमीरपुर से महज 500 मीटर की दूरी पर शातिर एक घर से 4.30 लाख रुपए के गहने और 25,000 रुपये नकदी पर हाथ साफ कर गए हैं। वारदात के समय घर की मालकिन शिवरात्रि के उपलक्ष्य में शिव मंदिर गई हुई थी। दोपहर को जब घर की मालकिन वापस पहुंची तो देखा दरवाजा खुला हुआ था। घर के अंदेर रखा सामान इधर-उधर फेंका हुआ पाया गया।
महिला ने जब घर के अलमारी को खोलकर देखा तो आभूषणों का बॉक्स गायब पाया गया। बॉक्स में करीब 4.30 लाख रुपये के आभूषण रखे हुए थे। इसके साथ ही अलमारी में रखे हुए 25,000 की नगदी भी शातिर उड़ा ले गए हैं।
पीड़ित महिला की पहचान 58 वर्षीय वर्षा गुप्ता निवासी वार्ड नंबर 4 नगर परिषद हमीरपुर के रूप में हुई है। पीड़ित महिला ने इस बारे में पुलिस थाना हमीरपुर में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
इससे पहले बीते सप्ताह वार्ड नंबर 10 में रिटायर्ड कॉलेज प्रिंसिपल के घर पर चोरी हो चुकी है। पुलिस ने मामले को सुलझाने के लिए डॉग स्क्वायड भी मौका-ए-वारदात पर बुलाया है। उधर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर रमन कुमार मीणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और छानबीन शुरू है। उन्होंने कहा कि पुलिस शीघ्र ही इस मामले को सुलझा लेंगे।