विनोद राणा
पालमपुर (कांगड़ा)। मैं पुलिस का बंदा हूं, क्या कर लोगे तुम मेरा, जो करना है कर लो, जो होना था वह हो गया। पीटीसी डरोह की स्कूल बस पलटने के बाद नशे में कथित तौर पर धुत पुलिस कांस्टेबल बस चालक लोगों पर रौब झाड़ने लगा। लोगों ने जब बस चालक से पूछा तो उसका यह जवाब था। कथित तौर पर शराब पीकर बस चला रहे पुलिस चालक ने जिला भर में नशे को लेकर पुलिस के बेहतर अभियान की भी परवाह न कर खाकी को शर्मसार कर दिया। बताया जाता है कि यह हादसा बस चालक के नशे में धुत होने से घटा। इसकी प्रारंभिक तौर पर पुष्टि भी हुई है। डीएसपी पालमपुर ने मौके पर पहुंच कर कड़ा संज्ञान लिया। बस चालक के मुंह से शराब की बदबू आते ही पुलिस ने उसका मेडिकल करवा दिया। बस पलटने के बाद बस चालक वहां से रफूचक्कर होने लगा था, लेकिन उसे तलाश लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो बस तेज गति से चली हुई थी और आगे कार देख कर पुली से टकराने के बाद वहां से गुजर रही कार और खड़े बाइक पर गिर गई। हादसे में कार में बैठा दंपति और उनकी बच्ची बाल-बाल बच गए। सूत्रों की मानें तो उक्त पुलिस बस चालक के साथ अन्य दो-तीन चालकों ने भी शराब पी रखी थी जिसकी भनक लगते ही माउंट कार्मल स्कूल के फादर ने दो-तीन चालकों को रोक लिया था, जबकि यह पुलिस बस चालक चुपके से बस लेकर वहां से निकल आया था। डीएसपी विकास धीमान ने कहा कि पुलिस ने चालक का मेडिकल करवा लिया है। इसकी रिपोर्ट एक दो दिन में आएगी, लेकिन प्रारंभिक तौर पर पता चला है कि चालक ने शराब पी हुई थी। उसके मुंह से शराब की गंध आ रही थी।