आईजीएमसी में स्क्रब टायफस की चपेट में आए एक ओर व्यक्ति की मौत हो गई। वीरवार को टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इसका खुलासा हुआ। मरने वाला पीड़ित व्यक्ति झंडूता (बिलासपुर) का रहने वाला था। अस्पताल में लगातार यह तीसरी मौत है। आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जनकराज ने स्क्रब टायफस से अस्पताल में मौत की पुष्टि की है। बिलासपुर के रहने वाले इस व्यक्ति को आईजीएमसी में चौदह सितंबर को दाखिल किया था। मरीज की हालत बेहद नाजुक थी। डॉक्टरों की निगरानी में मरीज को अस्पताल में रखा था। इस बीच डॉक्टरों ने सैंपल भी लैब भेज दिया था लेकिन उपचार के दौरान पंद्रह सितंबर को मौत हो गई। अब तक अस्पताल में इस बीमारी से मरने वाले मरीजों की संख्या आठ पहुंच चुकी है। वीरवार को भी बारह केस पॉजिटिव आए हैं। अब तक 242 लोग स्क्रब टायफस की चपेट में आ चुके हैं। अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जनकराज ने बताया कि इस बीमारी की चपेट में आए मरीज तुरंत उपचार करवाने अस्पताल आएं।