झंडूता (बिलासपुर)। झंडूता पुलिस थाना के अंतर्गत एक व्यक्ति के ट्रैक्टर के बड़े टायर के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने इस मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हादसा रविवार देर शाम को हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए बिलासपुर अस्पताल भेज दिया गया है। एसपी अशोक कुमार ने हादसे की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार गलियां पंचायत के सेर निवासी राम लाल पुत्र टेहू राम मेहनत मजदूरी करके अपने घर लौट रहा था। उसने झंडूता-समोह मार्ग पर बरोहा ठेड़ा नामक स्थान पर घर की ओर आ रहे ट्रैक्टर पर लिफ्ट ली। कुछ दूरी पर ट्रॉली अचानक पलट गई और राम लाल छिटकर वह बड़े टायर के नीचे आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में ले लिया।
घटना का पता चलते ही स्थानीय विधायक जेआर कटवाल भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने पीडि़त परिवार को अपनी ओर से पांच हजार रुपये की राशि दी और परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की।
पुलिस के अनुसार कि ट्रैक्टर को संजीव कुमार चला रहा था। पुलिस थाना प्रभारी झंडूता राम दास कौशल ने बताया कि पुलिस ने आईपीसी की धारा 279, 304 के तहत मामला दर्ज कर घटना की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।