शिमला। शिमला के साथ लगते तारादेवी - टुटू बाईपास पर रविवार दोपहर करीब बारह बजे एक मारुति कार में आग लग गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। दोपहर सवा बारह बजे अग्निशमन विभाग को सूचना मिली की तारादेवी टुटू बाईपास सड़क पर खड़ी एक मारुति 800 कार में आग लग गई। जानकारी मिलते ही विभाग की टीम मौके के लिए रवाना हुई। मौके पर कार में लगी आग को काबू करने के लिए उस पर पानी की बौछारें फेंकी गई। टीम के पहुंचने तक कार से जंगल में भी आग फैल गई थी। विभाग की टीम ने कार की आग को बुझाने के बाद जंगल की आग पर काबू पाया। अचानक कार में लगी आग के कारणों को पता नहीं चल पाया है।