अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। समरहिल क्षेत्र में शातिरों ने एक मकान में सेंध लगाकर हजारों रुपये का समान चुरा लिया। शातिरों ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार कहीं बाहर गया हुआ था इसी दौरान शातिरों ने वारदात को अंजाम दिया। शातिर मकान से डीएसएलआर कैमरा, लैपटॉप और दो मोबाइल फोन के अलावा हजारों रुपये की नकदी ले गए हैं। शिकायत के आधार पर बालुगंज पुलिस ने मामला दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह घर पहुंचे तो देखा कि घर के अंदर किरायेदार छात्रा का दरवाजा खुला पड़ा था। कमरे में समान बिखरा पड़ा था। छात्रा के कमरे से लैपटॉप गायब था। इस बीच अन्य कमरों को देखा तो कमरे से एक डीएसएलआर कैमरा 40 हजार, लैपटॉप 32 हजार, दो मोबाइल फोन 22 हजार और अलमारी में रखी करीब 14 हजार की नगदी गायब थी। पुलिस के मुताबिक घर में महिला के अलावा उसका बेटा रहता था। एक कमरा किराये पर दिया है इसमें एचपीयू में पढ़ने वाली छात्रा रहती है। शिकायतकर्ता ने बताया कि छात्रा को लैपटॉप हिमाचल प्रदेश विवि बोर्ड से स्कालरशिप के रूप में तीन साल पहले मिला था। डीएसपी हेडक्वार्टर प्रमोद शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है। जल्द की आरोपी गिरफ्त में होंगे।