पांवटा साहिब(सिरमौर)।
शिवपुरा चौकी प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस ने वीरवार को डांडा काला अंब जंगल में दबिश दी। पुलिस को सूचना मिली थी कि दुर्गम जंगल क्षेत्र में अवैध कच्ची शराब की भट्टियां चल रही हैं।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार चालू अवैध शराब की भट्टियां, 600 लीटर लाहन तथा करीब 40 लीटर तैयार अवैध कच्ची शराब बरामद की। पुलिस ने मौके पर ही शराब की भट्टियां, लाहन नष्ट कर दीं। इस कार्रवाई से जंगल में अवैध शराब माफिया में हड़कंप मचा रहा।
वीरवार को सिंहपुरा चौकी प्रभारी एएसआई चेतन चौहान की टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर डांडा काला अंब जंगल में कार्रवाई की। इस दौरान जंगल में दो चालू अवैध शराब की भट्ठियां मिलीं। इसमें 200-200 लीटर के लोहे के ड्रम में रखी लाहन मिली। इन ड्रमों में करीब 400 लीटर लाहन नष्ट की गई। जंगल मे थोड़ी सी दूरी पर 100-100 लीटर के दो और ड्रम अवैध शराब की भट्टी पर मिले। मौके पर एक रबर ट्यूब और दो अन्य बर्तन भी मिले। इनके अंदर तैयार 40 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।
पुलिस जांच टीम ने आसपास जंगल क्षेत्र में अवैध शराब माफियाओं को ढूंढने का प्रयास किया। लेकिन आस-पास कोई भी नजर नहीं आया। इसके बाद पुलिस टीम ने मौके से बरामद लाहन और शराब की भट्टियों को पूरी तरह से नष्ट कर दिया।
सिंहपुरा पुलिस चौकी की इस कार्रवाई से हिमाचल- उत्तराखंड सीमा से लगते जंगल क्षेत्रों में अवैध शराब माफिया में दिनभर हड़कंप मचा रहा। इस बारे में डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने बताया कि सिंहपुरा पुलिस चौकी ने कार्रवाई की है। वीरवार को अवैध कच्ची शराब, लाहन और जंगल में संचालित हो रही अवैध भट्टियां नष्ट कर दी गई हैं। पुलिस की कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी। ताकि अवैध नशा माफिया पर अंकुश लगाया जा सके।