शिमला। भराड़ी खेल मैदान में शहर के 34 वार्डों की 40 टीमें नशे के खिलाफ संदेश देने के उद्देश्य से क्रिकेट प्रतियोगिता में भाग लेंगी। एक से 13 जून तक शिमला क्रिकेट कार्निवाल का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन हिमालयन स्पोर्ट्स एंड कल्चरल यूथ सोसायटी शिमला की ओर से किया जा रहा है। पहली बार शिमला में क्रिकेट मुकाबले फ्लड लाइट्स में डे-नाइट फॉर्मेट में खेले जाएंगे। क्लब के अध्यक्ष वीरेंद्र बांष्टू ने बताया कि इस बार शिमला नगर निगम के 34 वार्डों से करीब 40 टीमें भाग लेंगी, जबकि 18 पेशेवर टीमों का भी रजिस्ट्रेशन किया गया है। इसके अलावा चार महिला टीमें भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। उन्होंने बताया कि यह कार्निवाल केवल क्रिकेट प्रतियोगिता नहीं, बल्कि प्रदेश में बढ़ते चिट्टा और सिंथेटिक नशे के खिलाफ एक सामाजिक जन आंदोलन है। आयोजन की थीम नशा छोड़ो-खेल खेलो रखी गई है ताकि युवाओं को खेलों के माध्यम से सकारात्मक दिशा दी जा सके। वहीं टेनिस बॉल नॉकआउट प्रतियोगिता की विजेता टीम को 1.11 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 55 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। गली क्रिकेट फॉर्मेट में विजेता टीम को 44 हजार रुपये और उपविजेता को 22 हजार रुपये दिए जाएंगे। महिला टीमों के लिए भी आकर्षक नकद पुरस्कार रखे गए हैं।