हिमाचल प्रदेश सरकार ने 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाने का प्लान तैयार कर लिया है। स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा वर्कर और शिक्षा विभाग के कर्मचारियों की संयुक्त टीमें बनेंगी। ये टीमें लोगों को स्वास्थ्य केंद्रों में बूस्टर डोज लगाएंगी। जो लोग केंद्र नहीं पहुंच पाएंगे, उन्हें घर में जाकर टीका लगाया जाएगा। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने जिला उपायुक्तों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों (सीएमओ) के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक की। सूबे में 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को 10 जनवरी से बूस्टर डोज लगनी है। स्वास्थ्य विभाग के पास बूस्टर डोज उपलब्ध हैं। स्वास्थ्य सचिव अमिताभ अवस्थी ने कहा कि 60 साल से ज्यादा उम्र के लोगों के लिए पर्याप्त वैक्सीन है।
जनसभाओं, सामाजिक समारोहों से बढ़ रहे मामले
हिमाचल में जनसभाओं और सामाजिक समारोह के चलते कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। मंडी मेें उमड़े लोगों के हुजूम के चलते प्रदेश में कोरोना के मामलों में इजाफा हो रहा है। सरकार ने इसको लेकर अलर्ट जारी किया है। स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि प्रदेश में सैंपल लेने की संख्या बढ़ाई जाए। खासकर जिला मंडी, कांगड़ा, हमीरपुर और कुल्लू में ज्यादा फोकस करने को कहा गया है।