शिमला। राजधानी में ठंड बढ़ते ही नगर निगम ने भी विंटर सीजन से निपटने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। निगम ने शहर के विभिन्न वार्डों में बर्फ हटाने, रास्तों पर क्रशर सैंड (रेत) डालने और पार्कों के रखरखाव से जुड़े कार्यों की प्रक्रिया शुरू कर दी है। 15 दिसंबर तक शहर में मशीनरी और मजदूर तैनात कर दिए जाएंगे। इसके अलावा सभी ढलानदार रास्तों और सड़कों पर रेत डाल दी जाएगी ताकि बर्फबारी के दौरान फिसलन से होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। इन कार्यों के तहत वार्ड नंबर एक भराड़ी से वार्ड नंबर 17 बैनमोर और वार्ड नंबर 18 इंजनघर से वार्ड नंबर 34 कनलोग तक की सड़कों और रास्तों से बर्फ हटाने की व्यवस्था की जाएगी। बर्फबारी के दौरान बंद होने वाले रास्तों को बहाल करने के लिए मशीनें भी किराये पर ली जाएंगी। इन कार्यों पर करीब नौ लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी तरह मज्याठ वार्ड के शिव नगर स्थित चिल्ड्रन पार्क के रखरखाव और मरम्मत पर 2.72 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें सीमेंट कंक्रीट का काम, चेकर्ड टाइलें लगाने और पेंटिंग सहित अन्य कार्य किए जाएंगे। शिव नगर स्थित क्लाइंबर पार्क के रखरखाव पर 2.67 लाख रुपये खर्च होंगे। यहां सीमेंट कंक्रीट, प्लास्टर, चेकर्ड टाइलें लगाने और पेंटिंग का काम किया जाएगा। ब्यूरो