शिमला। हिमाचल उपभोक्ता संरक्षण परिषद ने भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (टीआरएआई) के सहयोग से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान राजगढ़ में उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में दूरसंचार और प्रसारण से जुड़े उपभोक्ताओं के हित में टीआरएआई की योजनाओं और साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी गई। परिषद के अध्यक्ष जोगेंद्र कंवर ने डिजिटल युग में बढ़ रहे साइबर अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि मोबाइल और इंटरनेट के उपयोग के दौरान सतर्कता अत्यंत आवश्यक है। लोगों को सलाह दी कि वह अनावश्यक एप्लिकेशन मोबाइल में डाउनलोड करने से बचें और अपनी निजी जानकारी, बैंक खाते का विवरण, एटीएम पासवर्ड या ओटीपी किसी के साथ साझा न करें। उन्होंने साइबर अपराध की शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल या टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दर्ज करवाने का आग्रह किया। कार्यक्रम में परिषद के उपाध्यक्ष रणजीत सिंह धीमान ने टीआरएआई के उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए चलाई जा रही योजनाओं जैसे डू नॉट डिस्टर्ब एप एमएनपी सेवा और शिकायत निवारण तंत्र के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त जिला नियंत्रक, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने उपभोक्ताओं को अपनी खरीददारी में सतर्क रहने की सलाह दी। कार्यक्रम में परिषद के वित्त सचिव अनोखी राम वर्मा और संस्थान के वरिष्ठ अनुदेशक सेवा राम ने भी लोगों का मार्गदर्शन किया। संवाद