शिमला। गिरब-खुर्द पंचायत के पास स्थित ढांडा आर्मी गेट नंबर-एक से नालियों के निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। निर्माण कार्य के दौरान सड़क किनारे पार्क की गईं गाड़ियों को हटाना होगा ताकि काम में किसी तरह की बाधा न आए। पंचायत प्रधान सरोज कुमारी ने बताया कि नालियों का निर्माण लोक निर्माण विभाग की ओर से करवाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की है कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले सड़क किनारे खड़े अपने वाहनों को हटा लें ताकि कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके। इस स्थान पर पानी की निकासी के लिए नालियों की उचित व्यवस्था नहीं थी। इसके चलते बारिश के दौरान पानी सड़क पर बहने लगता था। इससे पैदल चलने वाले लोगों को काफी परेशानी होती थी। लंबे समय से चली आ रही इस समस्या को देखते हुए यहां नालियों के निर्माण की व्यवस्था की हैं। नालियां बनने से बारिश के पानी की उचित निकासी हो सकेगी। इससे राहगीरों के साथ-साथ वाहन चालकों को भी राहत मिलेगी। संवाद