शिमला। केंद्र सरकार के खिलाफ देशभर में चलाए जा रहे लोकतंत्र बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत पार्टी अब राजधानी में भी मार्च निकालेगी। जिला शिमला ग्रामीण कमेटी पांच अक्तूबर को शहर के रिज मैदान पर महात्मा गांधी की प्रतिमा तक यह मार्च निकालेगी। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को प्रेसवार्ता के दौरान शिमला ग्रामीण जिलाध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल ने कहा कि इस अभियान के दौरान लोगों को एआईआर के बारे में जानकारी भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार लगातार लोकतंत्र की हत्या कर रही है। कांग्रेस केंद्र की जनविरोधी नीतियों को सामने ला रही है। इसी के तहत प्रदेशभर में भी अभियान चलाए जा रहे हैं। जिला ग्रामीण कमेटी ने इस संबंध में बैठक भी की है। जिला स्तर के अलावा विकासखंड स्तर पर भी विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि कुल 14 ऐसे फैसले थे, जिन्हें मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अपने दो सहायक आयुक्तों पर भी थोपा था। अब यह बात सामने आ चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 के बाद से जो भी चुनाव हुए हैं, वह निष्पक्ष नहीं रहे हैं। ब्यूरो