शिमला। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने ठियोग में हुए प्रदर्शन में मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया। प्रदर्शन की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अरुण फालटा ने की। इसमें प्रवक्ता चेतन बरागटा, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष राकेश डोगरा, अजय श्याम, शशि बाला, कौल नेगी और पूर्व एपीएमसी चेयरमैन नरेश शर्मा उपस्थित रहे। कर्ण नंदा ने कहा कि पहलगाम मामले को लेकर केंद्र की मोदी सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ अनेक डिप्लोमैटिक कदम उठाए हैं जिनमें से एक फैसला यह है कि पाकिस्तानी नागरिक जो भारत में अधिकृत अथवा अनाधिकृत रूप से रह रहे हैं, उन्हें तुरंत उनके देश वापस भेजा जाए। पाकिस्तान के हिमाचल में 5000 लोग रहे हैं। इसी कड़ी में अनेक राज्यों में यह कार्य तीव्र गति से चल रहा है लेकिन दुख का विषय यह है कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार पाकिस्तानी नागरिकों को ढूंढने के लिए गंभीर नहीं है। यह एक चिंता का विषय है। केंद्र सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ 10 बड़े कदम उठाए वहीं हिमाचल में कांग्रेस सरकार को एक कदम उठाने में तकलीफ हो रही है।