परीक्षा नियंत्रक प्रो. कौशल ने किया शुभारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में शनिवार को हिमाचल गणित परिषद की गणितीय विज्ञान में नवीनतम रुझान और शोध अनुसंधान विषय पर दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कान्फ्रेंस शुरू हुई। इसका शुभारंभ मुख्यातिथि के रूप में शरीक हुए हिमाचल प्रदेश विवि के परीक्षा नियंत्रक प्रो. श्याम लाल कौशल ने किया। डीआरडीओ और एजेवीएन के सहयोग से आयोजित की जा रही इस कान्फ्रेंस में परिषद के उपाध्यक्ष प्रो. राजेश शर्मा ने मुख्यातिथि और प्रतिभागियों और अतिथियों का स्वागत किया। अध्यक्ष डाॅ. शालिनी गुप्ता भी इस मौके पर मौजूद रहीं। कान्फ्रेंस में हिमाचल गणित परिषद के संस्थापक और एचपीयू के गणित विभाग के पूर्व प्रोफेसर स्वर्गीय पीएल शर्मा को याद किया गया, जिनकी समरहिल शिव बावड़ी में प्राकृतिक आपदा में मृत्यु हो गई थी। कान्फ्रेंस का उद्देश्य गणित के शिक्षकों, शोधार्थियों को गणित के क्षेत्र में हुए विकास और अनुसंधान पर चर्चा करना और जागरूक करना है। परिषद की अध्यक्ष डाॅ. शालिनी गुप्ता ने कान्फ्रेंस के बारे में जानकारी दी। बीएचयू वाराणसी के प्रो. एस के मिश्रा, मगध यूनिवर्सिटी बिहार के प्रो. मनोरंजन सिंह और आईआईटी दिल्ली के प्रो. आरके शर्मा विशेष अतिथि के रूप में शरीक हुए। मुख्यातिथि प्रो. श्याम लाल कौशल ने इंटरडिस्पिलेनरी मैथेमेटिकल रिसर्च की आवश्यकता पर जोर दिया। एचपीयू के आईक्यूएसी के निदेशक डॉ. रमेश ठाकुर और डाॅ. कमलेंद्र कुमार कान्फ्रेंस के उद्घाटन कार्यक्रम में शरीक हुए। पहले दिन हुए सत्रों में वियतनाम से आए प्रो. आनंद नायर ने क्वांटम कंप्यूटिंग, एनएसयूटी के प्रो. विजय गुप्ता ने पॉजिटिव लीनियर ऑपरेशन, सुलतान क्याबूस यूनिवर्सिटी से डाॅ. निखिल खन्ना ने बीओएएस ट्रांसफार्म और उत्तराखंड यूनिवर्सिटी की प्रो. अनिता तोमन ने नॉन लिनियर फिनोमिनन पर अपने विचार रखे।