शिमला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य विश्वविद्यालय संशोधन विधेयक 2026 को वापस लेने की मांग उठाई। साथ ही नौणी स्थित डॉ. यशवंत सिंह परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, पालमपुर स्थित चौधरी सरवन कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय और हमीरपुर स्थित हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय में स्थायी कुलपति नियुक्त करने की मांग की। अभाविप ने अन्यायपूर्ण फीस वृद्धि वापस लेने और छात्र संघ चुनाव बहाल करने की मांग भी रखी। प्रदेश के शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 पूरी तरह लागू करने, बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने और शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने का मुद्दा भी उठाया गया। परिषद की प्रदेश मंत्री नैंसी अटल ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर विद्यार्थियों में रोष है। संवाद