ललित कला महाविद्यालय कोटशेरा में मनाया पारितोषिक वितरण समारोह
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। जवाहर लाल नेहरू ललित कला महाविद्यालय शिमला कोटशेरा का शनिवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह मनाया गया। इसमें कॉलेज की प्राचार्य डॉ. कामायनी बिष्ट मुख्यातिथि और राजीव गांधी महाविद्यालय के प्राचार्य डाॅ. गोपाल चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में शरीक हुए। शैक्षणिक, खेल, सांस्कृतिक और अन्य स्पर्धाओं में अव्वल रहने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। डाॅ. मीनू भास्कर ने कॉलेज की दो वर्ष की गतिविधियों और उपलब्धियों की रिपोर्ट पेश की। इसके बाद संगीत विभाग के विद्यार्थियों ने गजल, तबला वादन, शास्त्रीय एकल गायन की प्रस्तुति दी। समारोह में मुख्यातिथि ने छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। कामायनी बिष्ट ने छात्र-छात्राओं को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।