रेडियोग्राफर, लैब टैक्नीशियन व ओटीए का वेतन होगा दोगुना
सीएम सुक्खू ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार आधे-अधूरे भवनों का उद्घाटन करके चली गई। हमने ट्रॉमा सेंटर को बेस्ट सेंटर बनाने का निर्णय लिया। कैजुअल्टी वार्ड को अपग्रेड कर इमरजेंसी मेडिसिन विभाग किया। एक बेड पर एक ही मरीज होगा और उसे उच्चतम स्तर की स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। डाॅक्टर की ड्यूटी आठ घंटे की होगी। पहले 72-72 घंटे ड्यूटी देनी पड़ती थी। हमने डाॅक्टरों की संख्या को बढ़ाया। अब एक नर्स सिर्फ छह मरीजों को देखेगी। पहले 12 मरीजों को देखना पड़ता था। इसके लिए आईजीएमसी में स्टाफ नर्स के 400 पद स्वीकृत किए हैं और अस्थायी ताैर पर एक महीने के भीतर इनकी नियुक्ति कर दी जाएगी। सुक्खू ने घोषणा की कि रेडियोग्राफर, लैब टैक्नीशियन व ओटीए का वेतन आगामी बजट से दोगुना किया जाएगा। अभी इन्हें मात्र 10 हजार रुपये मासिक मिलते हैं। सुक्खू ने कहा कि बड़े मेडिकल काॅलेज की अपनी बड़ी लैब बनाने पर भी विचार किया जा रहा है। जिस प्रकार से पांच साल में भाजपा ने मेडिकल काॅलेजों का बुरा हाल किया, सरकार उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। हम अपने संसाधनों से सभी मेडिकल काॅलेजों को मजबूत कर रहे हैं।