फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Himachal: सीएम सुक्खू बोले-डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश की संपदा को दोनों हाथों से लुटाया

Thu, 17 Oct 2024 06:46 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, जोगिंद्रनगर(मंडी)

सार

सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को जोगिंद्रनगर में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा व पूर्व जयराम ठाकुर सरकार पर जमकर हमला बोला। 
विज्ञापन
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

 मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को जोगिंद्रनगर में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा व पूर्व जयराम ठाकुर सरकार पर जमकर हमला बोला। सुक्खू ने कहा कि हमारी सरकार को बने 22 महीने हुए हैं। इस दाैरान हमारे पास कई चुनाैतियां थीं, प्रदेश का खजाना खाली था। सुक्खू ने कहा- भाजपा ने चुनाव से पहले प्रदेश में पांच हजार करोड़ की रेवड़िया बांट दीं। यह जनता का पैसा था। राजनीति लाभ के लिए संस्थान खोल दिए। बिजली-पानी माफ कर दिया। जिस दिन मैं मुख्यमंत्री बना, इस प्रदेश का खर्चा चलाने के लिए सिर्फ एक महीने का पैसा था। डबल इंजन की भाजपा सरकार ने प्रदेश की संपदा को लुटाया है।

विज्ञापन


प्रदेश की संपदा को दोनों हाथों से लुटाकर राजनीतिक रोटियां सेंकने की कोशिश की, हमने उन दरवाजों को बंद किया। भाजपा ने बड़े-बड़े होटलों की बिजली माफ कर दी थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने सब्सिडी का युक्तिकरण किया, लेकिन आम आदमी पर कोई बोझ नहीं डाला गया है। उन्होंने कहा कि भूभू जोत टनल का मामला प्रधानमंत्री के साथ उठाया गया है और अगर जयराम ठाकुर इस परियोजना को रुकवाने दिल्ली न जाएं तो यह टनल हिमाचल प्रदेश को मिलना तय है।

सीएम ने कहा क्वालिटी एजुकेशन में हिमाचल आज देश में 21वें स्थान पर पहुंच गया। कैंसर में दूसरे स्थान पर पहुंच रहा है। हमने संस्थानों को मजबूत करने की कोशिशि की, आज कह सकता हूं कि हिमाचल अपने पांव पर खड़ा होने की स्थिति में आ चुका है। हम अपनी नीतियों में बदलाव करेंगे, कड़े फैसले करेंगे। कहा कि जयराम सरकार के समय पठानकोट-मंडी रोड़ टू लेन था, अब इसे फोरलेन करवाने की कोशिश कर रहे हैं। फोरलेन बनने से पर्यटन के नए आयाम स्थापित होंगे। शानन प्रोजेक्ट की लड़ाई सुप्रीम कोर्ट में लड़ी जा रही है। कुहल परियोजना-3 इस साल शुरू हो जाएगी। 
विज्ञापन


कहा कि अगर एसजेवीएनएल ने राज्य सरकार की शर्तें नहीं मानी तो प्रदेश सरकार 210 मेगावाट क्षमता की लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-1, 66 मेगावाट धौलासिद्ध विद्युत परियोजना और 382 मेगावाट सुन्नी विद्युत परियोजनाओं का अधिग्रहण करेगी। भाजपा ने प्रदेश की जनता की सरकार को गिराने की कोशिश की और ऑपरेशन लोटस चलाया। 14 महीनों में हमारी सरकार ने 2200 करोड़ का अतिरिक्त राजस्व कमाया। कई चोर दरवाजे हैं, उन्हें बंद करना पड़ेगा।  सीएम ने कहा कि भाजपा ने चुनाव के दाैरान टाॅयलेट टैक्स का झूठा एजेंडा चलाया। जयराम ठाकुर ने पांच साल सीएम रहते हुए मंडी को कुछ नहीं दिया। शब्दों, बाणी से तो सबकुछ दिया, लेकिन कर्म से कोई काम नहीं कर पाएं।

सुक्खू ने कहा कि केंद्र ने हमारी लोन लीमिट कम कर दी। हमारे 9200 करोड़ रुपये केंद्र के पास पड़े हैं। भाजपा नेता अगर इतने ही शुभचिंतक हैं तो केंद्र से 9200 करोड़ रुपये दिलाने में मदद करें। हम लड़ रहे हैं, हर चुनाैती का सामना कर रहे हैं।  उन्होंने कांग्रेस सरकार को फिर से 40 सीटें प्रदान करने के लिए हिमाचल प्रदेश की जनता का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, 'भोले का भगवान होता है। इस उप चुनाव के दौरान छह नए लोगों को फिर से विधायक बनने का मौका मिला है। यह चुनाव सरकार बचाने का चुनाव नहीं था, बल्कि लोकतंत्र की मजबूती और प्रदेश की जनता के सम्मान का चुनाव था। प्रदेश की जनता ने कांग्रेस सरकार को एक बार फिर जनादेश दिया।’
 

आठ परियोजनाओं के उद्घाटन व शिलान्यास  किए
मुख्यमंत्री ने जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र में 76.31 करोड़ रुपये लागत की आठ परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने 23.90 करोड़ रुपये की लागत से मिनी सचिवालय जोगिंद्रनगर में नवनिर्मित भवन बी और डी ब्लॉक का लोकार्पण किया। उन्होंने 10.50 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय महाविद्यालय जोगिंद्रनगर में नवनिर्मित सभागार, 8 करोड़ रुपये की लागत से जोगिंद्रनगर-सरकाघाट-घुमारवीं सड़क पर रणा खड्ड पर बने पुल और ग्राम पंचायत पसल व सगनेहड़ में 3.70 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पेयजल योजना का उद्घाटन किया।  सुक्खू ने जोगिंद्रनगर में 13.66 करोड़ रुपये की लागत से ग्राम पंचायत ढेलू, निचला गरोडु, दारट बगला इत्यादि क्षेत्रों के लिए पुरानी पेयजल आपूर्ति योजना के सुधारीकरण व विस्तारीकरण के कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने 7.10 करोड़ रुपये से गांव डोल में तथा 7.21 करोड़ रुपए की लागत से डोल नाला, छो नाला और गदयाड़ा नाला में तटीयकरण परियोजना की आधारशिला रखी। 2.24 करोड़ रुपये की लागत से सरोहली-सुक्कड खड्ड पर बनने वाले पुल का भूमि पूजन भी किया।  उन्होंने मंडी जिला की बेटियों के सशक्तीकरण के लिए देई 2.0 कार्यक्रम का शुभारंभ किया और सात बच्चियों को सम्मानित किया। उन्हें 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की।  
विज्ञापन

जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र में 32 सड़कों के निर्माण को मिलेगी राशि
मेला ग्राउंड में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि जोगिंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र में 32 सड़कों के निर्माण के लिए राज्य सरकार पूरी धनराशि प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि जोगिंद्रनगर अस्पताल में सेवाएं सुदृढ़ करने के लिए चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी। साथ ही चिकित्सकों और नर्सों के लिए आवास निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मकरेड़ी स्कूल का नया भवन बनाया जाएगा और जोगिंद्रनगर आईटीआई में नए ट्रेड शुरू किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने भरमेरा-बनोग में पुल के निर्माण और छंब कुठेहड़ा बड्डू सड़क के साथ बेली ब्रिज बनाने की घोषणा भी की। उन्होंने महिला मंडलों को 20-20 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें