मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू
- फोटो : अमर उजाला
सोलन जिला के कंडाघाट क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से भेंट कर उन्हें क्षेत्र की विभिन्न मांगों से अवगत करवाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सोलन क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता प्रदान कर रही है। सुक्खू ने कहा कि सरकार क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए कंडाघाट नागरिक अस्पताल के सुदृढ़ीकरण करने के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाएगी। विद्यार्थियों को उनके घर-द्वार के समीप गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए कंडाघाट में आधुनिक सुविधाओं, खेल मैदान, प्रयोगशालाओं आदि से युक्त राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल का निर्माण भी किया जा रहा है। राज्य सरकार विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा सुविधा प्रदान करने के लिए चायल क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से लैस स्कूल खोलने की संभावनाएं तलाशेगी। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि राज्य सरकार उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी। इस अवसर पर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. कर्नल धनी राम शांडिल तथा जोगिंद्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा भी उपस्थित रहे।