शिमला। राजधानी की अदालत ने घर की चारदीवारी पर बीएसएनएल का खंभा गिरने से हुए नुकसान के मामले में दायर 50 हजार रुपये का क्षतिपूर्ति दावा खारिज कर दिया है। सिविल जज मनु प्रिंजा की अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद फैसला सुनाते हुए कहा कि वादिनी घटना के लिए प्रतिवादियों की लापरवाही साबित करने में पूरी तरह नाकाम रही हैं। मामले के अनुसार न्यू शिमला के सेक्टर-2 स्थित मकान की मालकिन सुमन कोहली ने अदालत में सिविल वाद दायर किया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि 5 जनवरी 2015 को बीएसएनएल का टेलीफोन पोल उनके घर की बाहरी दीवार, पानी की टंकी और मोटर पर गिर गया, जिससे भारी नुकसान हुआ। अदालत ने अपने फैसले में कहा कि वादिनी घटना के समय मौके पर मौजूद नहीं थीं। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें और रिकॉर्ड पर मौजूद साक्ष्यों पर विचार करने के बाद वादिनी का क्षतिपूर्ति दावा खारिज कर दिया। संवाद