शिमला। कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी चेल्सी स्कूल शिमला में शनिवार को जूनियर वर्ग का वार्षिक समारोह ओशन ओडिसी आयोजित किया गया। समारोह में पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। स्कूल प्रबंधन के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के स्वागत, प्रार्थना और स्वागत नृत्य के साथ हुआ। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने ड्रिल, बैंड प्रदर्शन, कराटे और स्केटिंग सहित विभिन्न प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों ने पर्ल ड्रिल प्रस्तुत की। डीजीपी अशोक तिवारी ने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अभिभावकों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। इसलिए माता-पिता को अपने व्यवहार और आचरण से बच्चों के सामने अच्छा उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए। डीजीपी ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि चिट्टे से कहीं बड़ा उनका भविष्य है। कार्यक्रम के समापन पर स्कूल की प्रधानाचार्य सिस्टर ग्रेटा ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। संवाद