कुल्लू। पुलिस ने डेढ़ किलो चरस मामले में महिला चरस सप्लायर को गिरफ्तार किया है। महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट 29 के तहत कार्रवाई अमल में लाई गई है। मिली जानकारी के अनुसार मार्च महीने में पुलिस ने डेढ़ किलो चरस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। इसके बाद छानबीन के दौरान पुलिस ने पाया कि चरस की सप्लाई करने वाली महिला सेना देवी सैंज निवासी है। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी महिला को सैंज से गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि महिला से पूछताछ चल रही है। महिला के साथ अन्य कौन लोग शामिल हैं, इसका भी पता लगाया जा रहा है। चरस का काला कारोबार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके लिए पुलिस नाके भी लगा रही है। मामले की गहनता के साथ छानबीन की जा रही है।