शिमला। राजधानी के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर के बहुउद्देशीय हॉल में आयोजित विंटर ट्रैवल प्रदर्शनी में चंबा रूमाल लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। खासकर विदेशी पर्यटक इसे खूब पसंद कर रहे हैं। चंबा स्टॉल के संचालकों ने बताया कि इसकी खासियत यह है कि इसमें हाथ से की गई कढ़ाई दोनों ओर से एक जैसी दिखाई देती है। ट्रैवल एंड टूरिज्म बाजार (टीटीबी) आरआईएएम की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में हिमाचल सहित अन्य राज्यों के विभिन्न स्टॉल लगाए हैं। यहां लोगों को हिमाचल की पहाड़ियों के साथ गोवा के समुद्री तटों, पुर्तगाली वास्तुकला, तटीय संस्कृति और खानपान की झलक देखने को मिल रही है। प्रदर्शनी के माध्यम से हिमाचल के लोगों को गोवा के पर्यटन स्थलों और वहां की विविध सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिल रहा है। इसके अलावा मेघालय, त्रिपुरा और बिहार के स्टॉल भी प्रदर्शनी में आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। संवाद