चंबा के चुराह की बौंदेड़ी पंचायत के शौल में लगा ट्रांसफार्मर।
- फोटो : संवाद
चुराह उपमंडल की बौंदेड़ी पंचायत के कुलाला और शौल गांव को 17 दिन बाद भी विद्युत बोर्ड बिजली की आपूर्ति बहाल नहीं कर पाया है। बिजली आपूर्ति बंद होने का खामियाजा क्षेत्र के 150 परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। वहीं, स्कूली बच्चों को 11 मार्च आरंभ हो रही दसवीं और जमा दो की वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी मोमबत्ती की लौ में करनी पड़ रही है। बिजली सप्लाई बाधित होने से लोगों को अपने मोबाइल फोन चार्ज करने के लिए दूसरे गांवों का रुख करना पड़ रहा है।
वहीं, क्षेत्र में आटा चक्कियां भी बंद पड़ी हैं। ग्रामीणों को गेहूं पिसवाने के लिए 10 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड के अधिकारियों से प्राथमिकता के आधार पर बिजली की सप्लाई को बहाल करवाने की मांग उठाई है। कुलाला और शौल गांवों के लिए रखवाया गया ट्रांसफार्मर 17 दिन पूर्व जल जाने के बाद भी गांव आज तक रोशन नहीं हो पाए हैं।
बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली न होने से ग्रामीण इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल तक नहीं कर पा रहे हैं। इतने दिन बाद भी बिजली सप्लाई सुचारू न होने से ग्रामीणों की जिंदगी आदिवासियों सी हो चुकी है।
ग्रामीण राकेश कुमार,लालचंद, हेमराज, किशन चंद, पिंकू, आलम राम, मानसा राम, जगदीश ने बताया कि क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बंद होने से लोगों विशेषकर गृहणियों और बीमार लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहा कि बिजली बिलों की समयानुसार अदायगी न होने पर बोर्ड प्रबंधन बिजली कनेक्शन काटने के लिए आदेश जारी कर देता है।
बिजली का ट्रांसफार्मर जलने से यह नौबत पेश आई है। ट्रांसफार्मर की मरम्मत करवाने के लिए आलाधिकारियों को सूचित किया गया है। जल्द ट्रांसफार्मर की मरम्मत करवा दी जाएगी।
- दीवान चंद, सहायक अभियंता, विद्युत बोर्ड