मनोहर हत्याकांड मामले में भाजपा ने शनिवार को सभी जिलों में धरने-प्रदर्शन किए। इस दौरान भाजपा नेताओं ने सरकार से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मृतक के परिवार को उचित आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की। चेतावनी दी है कि अगर मांगें नहीं मानीं तो भाजपा प्रदेशभर में जन आंदोलन करेगी। धरना-प्रदर्शन के बाद भाजपा नेताओं ने जिला मुख्यालयों में उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपे।
जिला चंबा में विधायक हंसराज, डीएस ठाकुर, डॉक्टर जनक राज और भाजपा नेता डॉ. राजीव भारद्वाज उपस्थित रहे, जबकि जिला कांगड़ा में पूर्व मंत्री सरवीण चौधरी, त्रिलोक कपूर, लाहौल स्पीति में डॉक्टर रामलाल मरकांडे, कुल्लू में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महेश्वर सिंह, पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर और धनेश्वरी ठाकुर, मंडी में प्रदेश उपाध्यक्ष पायल वैद्य और संसदीय क्षेत्र प्रभारी बिहारी लाल शर्मा, हमीरपुर में पूर्व मुख्य सचेतक कमलेश कुमारी, अनिल धीमान, नरेंद्र ठाकुर और विजय अग्निहोत्री, ऊना में पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर और सुमित शर्मा, बिलासपुर में मुख्य प्रवक्ता विधायक रणधीर शर्मा और पूर्व मंत्री राजेंद्र गर्ग, सोलन में पूर्व मंत्री राजीव सहजल और पुरुषोत्तम गुलेरिया, सिरमौर में प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सांसद सुरेश कश्यप और पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी, शिमला में पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, संजय सूद, रवि मेहता और अजय श्याम और जिला किन्नौर में पूर्व चेयरमैन सूरत नेगी की अध्यक्षता में प्रदर्शन किए गए।
राज्यपाल से उठाई मांगें
- जांच एनआईए से करवाई जाए और आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जाए।
- सरकार इससे पूर्व हुई गुमशुदगी की घटनाओं की छानबीन के लिए विशेष टीम गठित करे।
- सरकारी भूमि पर कब्जे की भी हो विभागीय जांच
- मृतक मनोहर के परिवार को आर्थिक सहायता