अंबुजा सीमेंट प्लांट में अचानक बिना किसी पूर्व सूचना के तालाबंदी को लेकर हिमाचल प्रदेश भूतपूर्व सैनिक कल्याण एवं विकास समिति ने पूर्व सैनिक कार्यालय दाड़लाघाट में अधीक्षक लाल चंद को एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन निदेशक प्रबंधक भूतपूर्व सैनिक कल्याण निगम हमीरपुर को भेजा गया। भूतपूर्व सैनिक कल्याण समिति ने कहा कि अंबुजा सीमेंट प्लांट दाड़लाघाट में बिना नोटिस के तालाबंदी करने से ट्रक ऑपरेटरों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ड्राइवरों का वेतन, गाड़ी के पार्ट, सर्विस रिपेयर, पासिंग और खुद के पारिवारिक खर्चों को चलाने पर भी संकट छा गया है। लोन पर खरीदी गाड़ियों की किस्त देना भी मुश्किल हो गया है।
यदि हालात जल्दी सामान्य नहीं होते हैं तो बैंक ऑपरेटर की गाड़ियों को उठा लेंगे। समिति ने कहा कि जल्द इस समस्या का समाधान करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएं, ताकि ट्रक ऑपरेटरों को राहत मिल सके। पूर्व सैनिक समिति ने निदेशक से आग्रह करते हुए कहा कि सरकार के समक्ष जल्दी से इस समस्याओं को विधिवत रूप से रखें, ताकि ऑपरेटरों की समस्याओं का समाधान जल्द हो सके। इस दौरान प्रधान बालक राम शर्मा, उपप्रधान जीवानंद ठाकुर, अमरीक राणा, कोषाध्यक्ष रतनलाल, नानकराम, जगदीश, कश्मीरी लाल, बालकराम, रामस्वरूप, सुरेंद्र पाल, दलीप सिंह, बाबूराम, बालकराम, दलेर सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।