शिमला। कसुम्पटी स्थित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) कार्यालय के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) के पद पर कार्यरत डॉ. विकास शर्मा पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्जकर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की पहचान के लिए घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना सोमवार सुबह की बताई जा रही है जब डॉ. विकास शर्मा सुबह 9.30 बजे अपने घर से ऑफिस जा रहे थे। इसी बीच ब्रॉकहास्ट (छोटा शिमला) से ऑफिस की ओर जाते समय एक नीली शर्ट और लाल टोपी पहने व्यक्ति ने उनका रास्ता रोका। आरोपी ने उन्हें 108 कर्मचारियों की चल रही हड़ताल को न रोकने की धमकी दी और घाटी की तरफ धक्का दिया। हमले के कारण उन्हें चोटें भी आई हैं। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। ब्यूरो