शिमला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राज्यपाल कविंद्र गुप्ता से मुलाकात कर अपनी मांगों को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर परिषद ने प्रदेश की विभिन्न गंभीर समस्याओं को लेकर एक वर्तमान परिदृश्य से उन्हें अवगत कराया। विद्यार्थी परिषद की सबसे प्रमुख मांग यह रही कि पीजीटी अस्थायी नियुक्तियों को शीघ्र रद्द किया जाए और नियमित प्रक्रिया के तहत स्थायी भर्तियां की जाएं जिससे शैक्षणिक गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। इसके साथ ही विद्यार्थी परिषद ने नशे की गंभीर समस्या पर भी ध्यान आकर्षित किया और मांग रखी कि नशा माफिया के खिलाफ कठोर कानून लागू हों। चिट्टा तस्करी में संलिप्त सरकारी कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई हो सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई जाए। प्रतिनिधिमंडल में अभाविप के सदस्य प्रोफेसर प्रदीप कुमार, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार, प्रदेश मंत्री नैंसी अटल, प्रदेश संगठन मंत्री धनदेव ठाकुर, प्रदेश सह मंत्री भवानी ठाकुर और आरटीई के प्रदेश संयोजक अमन अदिति शामिल रहे। संवाद