राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड की डीएलएड (डिप्लोमा इन एलीमेंटरी एजूकेशन) के दो वर्षीय कोर्स की प्रवेश परीक्षा में मात्र चार हजार अभ्यर्थी ही पास हो सके हैं। परीक्षा में 18 से अधिक परीक्षार्थी बैठे थे। प्रदेश में 900 सरकारी और 1550 के करीब निजी शिक्षण संस्थानों में सीटें निर्धारित हैं।
स्कूल शिक्षा बोर्ड ने चार अगस्त को प्रदेश भर के 90 परीक्षा केंद्रों में प्रवेश परीक्षा संचालित की थी। परीक्षा के लिए प्रदेश भर से 19785 आवेदन बोर्ड को प्राप्त हुए थे। इसमें 18189 अभ्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। 4320 अभ्यर्थी परीक्षा पास कर सके हैं।
परीक्षा के बाद बोर्ड ने अस्थायी उत्तर कुंजी जारी की थी। अस्थायी उत्तर कुंजी के लिए आए आपत्ति और सुझावों के आधार पर अंतिम परिणाम बनाया गया। उधर, राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष डॉ सुरेश कुमार सोनी ने बताया कि डीएलएड की प्रवेश परीक्षा का परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिया गया है।
स्पोर्ट्स कोटे के लिए काउंसलिंग दो, तीन सितंबर को
स्पोर्ट्स कोटे में डीएलएड की प्रवेश परीक्षा में पास अभ्यर्थियों की काउंसलिंग दो और तीन सितंबर को बोर्ड कार्यालय में होगी। काउंसलिंग में भाग लेने वाले अभ्यर्थी मूल दस्तावेजों सहित बोर्ड कार्यालय धर्मशाला में सुबह दस बजे अपनी उपस्थिति दर्ज करवा सकते हैं। वहीं अन्य सीटों के आवंटन से संबंधित काउंसलिंग की तिथियां बोर्ड अलग से जारी करेगा।