प्रदेशभर के हजारों छात्र अब एचपीयू, अन्य विश्वविद्यालयों और तकनीकी शिक्षण संस्थानों के पीजी कोर्स की प्रवेश प्रक्रिया में हिस्सा लेने से वंचित नहीं रहेंगे। एचपीयू पीजी कोर्स प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही यूजी के छठे सेमेस्टर का परिणाम घोषित कर देगा।
समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए एचपीयू पीजी और यूजी का नए सत्र के लिए साझा अकादमिक शेडयूल तैयार करेगा।इस शेड्यूल को तय करने के लिए शुक्रवार को विश्वविद्यालय में अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. गिरिजा शर्मा की अध्यक्षता में सभी संकाय के फैकल्टी, विभागों के चेयरमैन की विशेष बैठक हुई।
इसमें परीक्षा नियंत्रक डा. जेएस नेगी विशेष रूप से आमंत्रित किए गए थे। तय हुआ कि इस बार विश्वविद्यालय अपने पीजी कोर्स और अन्य विश्वविद्यालयों, तकनीकी व नामी प्रोफेशनल संस्थानों की प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही यूजी के छठे सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित कर देगा।
जिससे छात्र पीजी की प्रवेश प्रक्रिया के लिए आवेदन कर सकें और प्रवेश से वंचित न रहें। आम तौर पर हर सत्र में विवि के छात्र परिणाम न आने के कारण परेशान होते रहे हैं। इसके लिए विवि यूजी और पीजी का साझा अकादमिक शेड्यूल तैयार करेगा।
इस पर डीन और चेयरमैन से राय ली गई और परीक्षा नियंत्रक से यूजी परिणाम समय से निकाले जाने की संभावनाओं की जानकारी एकत्र की गई। इन सुझावों के आधार पर ही यूजी पीजी का नए सत्र का अकादमिक शेडयूल तैयार किया जाएगा।
नामी विवि और उच्च शिक्षण संस्थानों का पीजी शेड्यूल होगा स्टडी
विवि की अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. गिरिजा शर्मा ने माना कि इस साझा अकादमिक शेड्यूल से समस्या का स्थायी समाधान होगा। पंजाब यूनिवर्सिटी और अन्य देश के बड़े तकनीकी शिक्षण संस्थानों के पीजी कोर्स के शेड्यूल को स्टडी किया जाएगा।
इसी के आधार पर यूजी की अप्रैल माह में होने वाली सेमेस्टर परीक्षा, छठे सेमेस्टर के परिणाम की तिथियां तय होंगी। एचपीयू उसी के मुताबिक अपना पीजी प्रवेश परीक्षा, काउंसलिंग शेड्यूल भी तय करेगा।
शिक्षा विभाग के साथ मिलकर तय होगा शेड्यूल
विश्वविद्यालय यूजी डिग्री कोर्स की कक्षाओं और छुट्टियों के शेड्यूल के लिए शिक्षा विभाग के साथ चरचा करेगा, चूंकि इसे शिक्षा विभाग ही तय करता है, परीक्षा शेडयूल विवि स्वयं तय करेगा। इसके बाद ही पीजी-यूजी के इस साझा अकादमिक शेड्यूल को अंतिम रूप दिया जाएगा।