हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने प्रारंभिक शिक्षा विभाग में भाषा अध्यापकों के पदों को भरने के लिए आयोजित छंटनी परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है।
आयोग सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने बताया कि आयोग ने पोस्ट कोड 730 के तहत भाषा अध्यापकों के 155 पदों को भरने के लिए मार्च 2019 में आवेदन मांगे थे। इसके बाद आयोग ने 28 जुलाई को लिखित परीक्षा का आयोजन किया, जिसमें 7337 अभ्यर्थियों ने भाग लिया।
1204 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। सचिव ने बताया कि मेरिट के आधार पर 504 अभ्यर्थियों का चयन आगामी पंद्रह अंकों की मूल्यांकन परीक्षा के लिए किया गया है।
मूल्यांकन परीक्षा का आयोजन 17 से 21 सितंबर के बीच होगा। अधिक जानकारी के लिए आयोग की वेबसाइट http://www.hpsssb.hp.gov.in पर संपर्क किया जा सकता है।