गेयटी में आयोजित कला एवं शिल्प मेले में हैदराबादी गहने महिलाओं को कर रहे आकर्षित
विज्ञापन
200 से लेकर 10 हजार रुपये तक है गहनों की कीमत संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। गेयटी थियेटर के टेवरन हॉल में आयोजित दस दिवसीय कला एवं शिल्प मेले में हैदराबादी मोतियों के गहने महिलाओं और युवतियों की पहली पसंद बने हुए हैं।
मेले के तीसरे दिन वीरवार को बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न राज्यों से आए कारीगरों की हस्तनिर्मित कलाकृतियों और पारंपरिक उत्पादों की खरीदारी की। इस दौरान खास तौर पर हैदराबादी मोतियों से तैयार झुमकों, नेकलेस सेट और मोतियों की मालाओं की चमक ने खरीदारों का ध्यान अपनी ओर खींचा। मोतियों के गहनों की कीमत 200 से लेकर 10 हजार रुपये तक रखी है। कम बजट से लेकर प्रीमियम श्रेणी तक के उत्पाद उपलब्ध होने के कारण हर वर्ग के खरीदार अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। गहनों के कारीगर शुभम ने बताया कि युवतियों में हल्के और आकर्षक डिजाइन वाले झुमकों, जबकि महिलाओं में पारंपरिक नेकलेस सेट की अधिक मांग है। फैमको हैंडलूम कोऑपरेटिव सोसायटी की ओर से आयोजित इस मेले में काशी सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए नौ कारीगर अपनी पारंपरिक कला का प्रदर्शन कर रहे हैं। मेले में लगाए 12 स्टॉलों पर हस्तनिर्मित उत्पादों की विविधता देखने को मिल रही है। कारीगरों का कहना है कि ऐसे मेले न केवल उनकी कला को नई पहचान दिलाते हैं, बल्कि ग्राहकों से सीधे जुड़ने का अवसर भी प्रदान करते हैं।