शिमला। राजधानी के चौड़ा मैदान में स्थित डॉ. भीम राव आंबेडकर राज्य पुस्तकालय में सोमवार को पांच दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी शुरू की गई। राजा राममोहन राय लाइब्रेरी फाउंडेशन के सौजन्य से आयोजित इस प्रदर्शनी का शुभारंभ हिमाचल प्रदेश के उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. हरीश कुमार ने किया। प्रदर्शनी का उद्देश्य स्कूली छात्रों को पुस्तकों के महत्व से अवगत करवाना और उनमें पढ़ने की आदत विकसित करना है। इसमें प्रतियोगी परिक्षाओं, प्रेरणादायक, कॅरिअर, सफलता, आत्मविश्वास और मोटिवेशन से संबंधित पुस्तकों को प्रदर्शित किया है। राजधानी के 10 विद्यालयों के लगभग 120 छात्र प्रतिदिन दो विद्यालयों के समूह में प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। यह प्रदर्शनी 22 मई तक चलेगी। इस अवसर पर राज्य पुस्तकालय शिमला की नियंत्रण अधिकारी डॉ. रेनू राणा, अधीक्षक ग्रेड एक, उच्च शिक्षा निदेशालय की पुस्तकालय अध्यक्ष मीना बंसल, राज्य पुस्तकालय के पूर्व इंचार्ज गोपाल ठाकुर, तीर्थ राम शर्मा, बलदेव वर्मा इंचार्ज, कृष्णा, आरती, सीमा कश्यप , वीना, रीमा, गौतम दीपटा, संगीता, किरण, चंपा, राजेश, विक्रम, देवकी और पुस्तकालय के विभिन्न पाठक मौजूद रहे। संवाद